
चमोली जिले के उर्गम घाटी में स्थित पंच केदारों में पांचवें केदार के रूप में प्रसिद्ध कल्पेश्वर महादेव मंदिर में मंगलवार को भारी बारिश के चलते भूस्खलन की घटना सामने आई है। मंदिर के ठीक ऊपर पहाड़ी से मलबा और बड़े पत्थर खिसककर मंदिर परिसर में आ गए, जिससे आसपास के क्षेत्र में नुकसान हुआ है।
देर रात हुई तेज बारिश के बाद पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक दरक गया। देखते ही देखते बड़ी मात्रा में मलबा मंदिर के आसपास जमा हो गया। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और मंदिर परिसर में आए मलबे को हटाने में जुट गए।

लगातार बारिश से बढ़ा खतरा
चमोली जिले में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश का दौर जारी है। पहाड़ी क्षेत्रों में जगह-जगह भूस्खलन और सड़क अवरुद्ध होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में कल्पेश्वर महादेव मंदिर के ऊपर हुए भूस्खलन ने मंदिर की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।
कल्पेश्वर महादेव मंदिर पंच केदार यात्रा का महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल है और यहां देश-विदेश से श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर के ऊपर भूस्खलन की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मौके का तत्काल निरीक्षण कराने, भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और मंदिर परिसर को सुरक्षित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
फिलहाल स्थानीय लोग मलबा हटाने और मंदिर परिसर को व्यवस्थित करने में जुटे हुए हैं।
