
भारत ने रविवार को एशिया कप 2023 जीत लिया। भारत ने फाइनल में श्रीलंका को 10 विकेट से रौंदा। भारत ने आठवीं बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया है। कोलंबो के मैदान पर खेले गए फाइनल में मोहम्मद सिराज ने कातिलाना गेंदबाजी की। उन्होंने 7 ओवर में 21 रन देकर 6 विकेट चटकाए। सिराज ने एक ओवर में चार शिकार कर श्रीलंका की कमर तोड़ी। हार्दिक पांड्या ने तीन और जसप्रीत बुमराह ने एक विकेट हासिल किया। श्रीलंका की टीम 15.2 ओवर में सिर्फ 50 रन पर सिमट गई। यह श्रीलंका का भारत के सामने सबसे कम वनडे टोटल है। वहीं, भारत ने महज 6.1 ओवर में आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। बतौर ओपनर उतरे शुभमन गिल ने 19 गेंदों में 27 और ईशान किशन ने 18 गेंदों में नाबाद 23 रन बनाए।
